Breaking
Wed. Apr 22nd, 2026

नीमडीह में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 48 लीटर से अधिक शराब जब्त, एक गिरफ्तार

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में नीमडीह थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए 48.405 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश और उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पश्चिम बंगाल में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए यह अभियान तेज किया गया है।

इसी कड़ी में 21 अप्रैल को नीमडीह थाना अंतर्गत हुंडरु, पाथरडीह और महतो टोला गांव में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान विभिन्न ब्रांडों की अवैध और नकली विदेशी शराब बरामद हुई, जिनमें Iconiq व्हिस्की, McDowell’s No.1, B7 और Royal Stag जैसे ब्रांड शामिल हैं। साथ ही पश्चिम बंगाल में बिक्री के लिए चिह्नित 24 बोतल शराब भी जब्त की गई।

उत्पाद विभाग की टीम ने कुल 48.405 लीटर शराब जब्त करते हुए मौके से प्रकाश महतो नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post