गुवा। पश्चिमी सिंहभूम के गुवा सेल खदान के माइनिंग विभाग में कार्यरत एग्जीक्यूटिव ऑफिसर दिवेंदू दास (32) की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि फुटबॉल मैच खेलने के बाद उन्हें हार्ट अटैक आया और वह सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद सेल प्रबंधन, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पूरे गुवा क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को सेल प्रबंधन की ओर से गुवा सेल फुटबॉल मैदान में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। दिवेंदू दास भी फुटबॉल मैच में शामिल हुए और उन्होंने मैच खेला। मैच समाप्त होने के बाद उन्होंने करीब आधे घंटे तक मैदान में आराम किया। इसके बाद वह पैदल अपने आवास की ओर जाने लगे।
आवास की ओर जाते समय कुछ दूर पहुंचने के बाद अचानक वह सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना सीआईएसएफ जवानों को दी। सीआईएसएफ जवानों ने तत्काल उन्हें गुवा सेल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना दिवेंदू दास की पत्नी को दी गई। जानकारी मिलते ही वह अस्पताल पहुंचीं। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम पसर गया।
सेल अधिकारियों के मुताबिक दिवेंदू दास की नियुक्ति आसनसोल से गुवा सेल में हुई थी और वह करीब दो वर्षों से गुवा में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनकी शादी को भी अभी लगभग एक वर्ष ही हुआ था। महज 32 वर्ष की उम्र में उनकी अचानक मौत से सेल के माइनिंग विभाग के अधिकारी और कर्मचारी स्तब्ध हैं।
दिवेंदू दास के निधन पर सेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने गहरा दुख जताया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। घटना के बाद पूरे गुवा क्षेत्र में शोक की लहर है।

