Breaking
Thu. Oct 8th, 2026

चौका-चांडिल के बीच भीषण सड़क हादसा: बोलेरो और डिजायर की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, कई गंभीर घायल

चौका।सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-33 पर मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना ने इलाके को दहला दिया। चौका और चांडिल के बीच स्थित मुखिया होटल के पास बोलेरो और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो वाहन पलटकर पूरी तरह उलट गई, जबकि डिजायर कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब बोलेरो चौड़ा गांव की ओर से जमशेदपुर (टाटा) की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े।

इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए एनएच-33 पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई थी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को फिर से सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। शुरुआती अंदाजा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को हादसे की वजह मान रहा है।

Related Post