Breaking
Wed. Apr 15th, 2026

वंदे भारत ट्रेन में महिला यात्री का पर्स चोरी, सीसीटीवी के आधार पर दो महिलाएं गिरफ्तार

जमशेदपुर: चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। इन महिलाओं पर वंदे भारत ट्रेन में सफर कर रही एक महिला यात्री का पर्स चोरी करने का आरोप है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता सावित्री सिंकू वंदे भारत ट्रेन में चढ़ने के दौरान अपने सामान के साथ व्यस्त थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर दो महिलाओं ने उनके पर्स पर हाथ साफ कर दिया। पर्स में नकद 6500 रुपये के अलावा आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, एटीएम कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ टाटानगर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान की गई और तत्परता दिखाते हुए उन्हें स्टेशन क्षेत्र से ही पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान कुसुम देवी और सोगा भुइंया के रूप में हुई है। दोनों टाटानगर स्टेशन परिक्षेत्र की रहने वाली खानाबदोश प्रवृत्ति की बताई जा रही हैं। प्रारंभिक पूछताछ में चोरी की घटना में उनकी संलिप्तता सामने आई है।

यह पूरी कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट कमांडर राकेश मोहन एवं जीआरपी प्रभारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में संयुक्त रूप से की गई। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे पूरी तरह सतर्क है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार दोनों महिलाओं को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को दें।

Related Post