Breaking
Mon. Apr 13th, 2026

24 घंटे में चोरी का खुलासा, बड़ाजामदा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से तीन नाबालिग धराए

चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा बाजार में दो मोबाइल दुकानों में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया। इस त्वरित कार्रवाई से न केवल चोरी की गुत्थी सुलझी, बल्कि स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास भी और मजबूत हुआ है।

सोमवार को मामले की जानकारी देते हुए बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि 11 अप्रैल 2026 को दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर संभावित आरोपियों की पहचान की गई। इसी क्रम में गुप्त सूचना मिली कि चोरी में शामिल कुछ युवक बोकना गांव के पास जंगल में छिपे हुए हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी अभियान चलाया और मौके से तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान पहले तो आरोपियों ने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए छह मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि बाकी चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है और इस मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी तलाश की जा रही है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि चोरी की इस घटना में एक संगठित गिरोह की भूमिका हो सकती है, जिसकी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल की देर रात अज्ञात चोरों ने बड़ाजामदा बाजार स्थित दो मोबाइल दुकानों का ताला तोड़कर करीब 10 मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद 11 अप्रैल को दुकानदारों ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद कांड संख्या 15/26 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों नाबालिग आरोपियों को चाईबासा स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि आगे की कार्रवाई किशोर न्याय अधिनियम के तहत की जा रही है।

Related Post