Breaking
Mon. Apr 13th, 2026

पलामू में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात: भाई ने बहन की हत्या कर खुद भी दी जान, प्रेम संबंध की चर्चा

पलामू।जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को दहशत और सन्नाटे में डाल दिया है। मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के बखारी गांव में एक युवक ने अपनी ही बहन की टांगी से हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने रिश्तों की मर्यादा और सामाजिक ताने-बाने को झकझोर कर रख दिया है।

जानकारी के अनुसार, बखारी गांव स्थित अपनी फुआ के घर में रह रही करीब 20 वर्षीय युवती का गला कटा शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उसकी हत्या धारदार हथियार, टांगी से की गई है। वहीं, कुछ ही दूरी पर मृतका के फुआ के बेटे बिट्टू सिंह का शव गांव के पास रेलवे ट्रैक पर मिला। माना जा रहा है कि हत्या के बाद उसने आत्महत्या कर ली।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पूरे क्षेत्र में भय और सनसनी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, दोनों घटनास्थल लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर हैं और उन्हें इस वारदात की सूचना तड़के करीब तीन बजे मिली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर इस घटना के पीछे प्रेम संबंध को कारण बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

इस घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

Related Post