जमशेदपुर।बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर महिला समिति प्रेक्षागृह में सामाजिक संस्था “अन्वेषा” के तत्वावधान में विश्व स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य पर शनिवार को स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग करना और गंभीर बीमारियों के बारे में जानकारी देना था। कार्यक्रम का संचालन संस्था की महासचिव आल्पना भट्टाचार्य ने किया। कार्यक्रम में जमशेदपुर मेहरबाई टाटा मेमोरियल अस्पताल की डॉ. सुधा तिवारी, सिस्टर शारदा और बेबी ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के लक्षण, बचाव और समय पर जांच के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए भी प्रेरित किया। इसके पश्चात 35 महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई, जिससे उन्हें अपनी सेहत की स्थिति के बारे में जानकारी मिल सकी। कार्यक्रम में आल्पना भट्टाचार्य, मीतू कुमारी, प्रीति, जानकी देवी, शर्मिष्ठा धर, झरना कुइला, सीमा रानी, पारी, पालक, तपती दत्ता, शम्पा मुखर्जी, मोनिका बोस, छवि सहित कई महिलाओं ने सक्रिय रूप से भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

