Breaking
Tue. Apr 7th, 2026

शहीद की पत्नी को सरकार का सम्मान, आवास निर्माण हेतु भूमि बंदोबस्ती की स्वीकृति

चाईबासा: देश की रक्षा करते हुए श्रीनगर में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए वीर जवान सेलाय कुदादा के परिवार को झारखंड सरकार ने सम्मानित करते हुए बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार ने शहीद की पत्नी बुधनी कुदादा को आवास निर्माण के लिए भूमि बंदोबस्ती की स्वीकृति प्रदान की है, जिसे उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक माना जा रहा है।

राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, झारखंड, रांची द्वारा पूर्व में जारी संकल्प के आलोक में यह निर्णय लिया गया। इसके तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त चंदन कुमार ने खूँटपानी अंचल अंतर्गत मौजा अंकोलकुटी में स्थित गैरमजरूआ खास भूमि को आवास निर्माण के उद्देश्य से बंदोबस्त करने की अनुमति दी है।

जानकारी के अनुसार, थाना संख्या-37 के अंतर्गत खाता संख्या-01, प्लॉट संख्या-351 की कुल 12.5 डिसमील भूमि शहीद की पत्नी के नाम स्वीकृत की गई है। इस भूमि पर अब वे अपना आवास बना सकेंगी।

सरकार के इस फैसले को शहीद के बलिदान के प्रति सम्मान और उनके परिवार के प्रति संवेदनशीलता के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे शहीद परिवार को न केवल आर्थिक सहारा मिलेगा, बल्कि समाज में उनके सम्मान को भी मजबूती मिलेगी।

Related Post