Breaking
Tue. Apr 7th, 2026

सदर अस्पताल में 14 अप्रैल को लगेगा रक्तदान शिविर, हर माह 200 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला अंतर्गत सदर अस्पताल चाईबासा में खूँटपानी प्रखंड के प्रमुख सह समाजसेवी सिद्धार्थ होनहागा ने सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिले में रक्त की कमी की समस्या को प्रमुखता से उठाया।

सिद्धार्थ होनहागा ने कहा कि पश्चिम सिंहभूम जिले का एकमात्र सदर अस्पताल होने के कारण यहां बड़ी संख्या में मरीज निर्भर हैं। थैलेसीमिया से ग्रसित बच्चों, गर्भवती महिलाओं और सड़क दुर्घटना के घायलों को अक्सर रक्त की आवश्यकता होती है, लेकिन रक्त की कमी के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, खासकर दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को।

उन्होंने रक्त की आवश्यकता को देखते हुए नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी ने सहमति प्रदान की। निर्णय लिया गया कि 14 अप्रैल 2026 को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर सदर अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।

इसके साथ ही हर माह कम से कम 200 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सिद्धार्थ होनहागा ने सभी युवाओं से अपील करते हुए कहा कि 14 अप्रैल को आयोजित शिविर में अधिक से अधिक लोग भाग लेकर रक्तदान करें।

मौके पर जिला सुपरिटेंडेंट शिव चरण हांसदा और खूँटपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. आलोक रंजन महतो भी उपस्थित रहे।

Related Post