चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में एवं एस आर ग्रुप के सौजन्य से आयोजित 15वीं पदमाबाई रुंगटा मेमोरियल जिला शतरंज प्रतियोगिता का समापन हो गया। समापन समारोह में अध्यक्ष मुकुंद रूंगटा, संरक्षक एवं नगरपालिका अध्यक्ष नितिन प्रकाश, संरक्षक दीपेंद्र प्रसाद साव, उपाध्यक्ष जहांगीर आलम, सोहन लाल मूंदड़ा और महासचिव बसंत खंडेलवाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में अध्यक्ष मुकुंद रूंगटा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और खिलाड़ियों तथा उनके अभिभावकों का धन्यवाद किया। नितिन प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि जिले में शतरंज प्रतियोगिताएं लगातार आयोजित हो रही हैं और आने वाले समय में यहां के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के आठवें चक्र के मुकाबलों में बोर्ड नंबर एक पर मणिदीप मुखी और नरेंद्र नाथ पांडे के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा। बोर्ड नंबर दो पर राजेश कुमार ने आदित्य शाह को हराया। बोर्ड नंबर तीन पर बसंत खंडेलवाल ने देराज कुमार को पराजित किया, जबकि बोर्ड नंबर चार पर मनीष शर्मा ने विश्वदीप ठक्कर को हराया।
आठवें चक्र की समाप्ति के बाद कुल सात अंक के साथ राजेश कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया। उन्हें 6000 रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई। सात अंक के साथ मणिदीप मुखी और बसंत खंडेलवाल क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे, जिन्हें 4000 और 2500 रुपये नकद पुरस्कार दिए गए। 6.5 अंक के साथ नरेंद्र नाथ पांडे चौथे स्थान पर रहे और उन्हें 2000 रुपये नकद पुरस्कार मिला।
प्रतियोगिता के आधार पर चार खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया, जो जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। 6.5 अंक के साथ उमेश साह, कुश मूंदड़ा, मनीष शर्मा और समृद्धि प्रिया पांचवें से आठवें स्थान पर रहे।
आयु वर्ग के मुकाबलों में अंडर 15 बालक वर्ग में प्रत्यूष गुप्ता प्रथम और ललित किशोर द्वितीय स्थान पर रहे। अंडर 15 बालिका वर्ग में शालू कुमारी प्रथम और कंपनीज मुंडा द्वितीय स्थान पर रही। अंडर 13 बालक वर्ग में आदित्य वर्धन शर्मा प्रथम और हिमांशु महतो द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि अंडर 13 बालिका वर्ग में अदिति प्रथम और आदर्शनी महतो द्वितीय स्थान पर रही।
अंडर 11 बालक वर्ग में आह्वान मजूमदार प्रथम और ईशान केजरीवाल द्वितीय स्थान पर रहे। अंडर 11 बालिका वर्ग में अदित्रि दे प्रथम और तनिष्का प्रजापति द्वितीय स्थान पर रही।
कार्यक्रम का संचालन जयदेव चंद्र त्रिपाठी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महासचिव बसंत खंडेलवाल ने किया। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह, अनिल खिरवाल, पवन खिरवाल, जागृति अध्यक्षा चंदा अग्रवाल, श्रृजन शाखा अध्यक्षा रुचि चौबे, रोटेरियन रितेश मूंदड़ा, सुब्रत चंद्र त्रिपाठी, अनंत लाल विश्वकर्मा, निर्मल त्रिपाठी, जुएल गगराई, यशवंत सिंघल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

