Breaking
Sun. Apr 5th, 2026

*विदेशी पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग, कुख्यात फैज खान मुठभेड़ में घायल*

पलामू: जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे विदेशी हथियारों से लैस होकर पुलिस पर फायरिंग कर रहे हैं। ताजा मामला मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां जमीन कारोबारी गुड्डू खलीफा की हत्या के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी फैज खान को मुठभेड़ में घायल कर दिया, जबकि उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात प्राइवेट बस स्टैंड के पास पालिका मार्केट में गुड्डू खलीफा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में इसराइल आजाद उर्फ मिंटू के फर्द बयान पर फैज खान समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

घटना के बाद डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। शुक्रवार शाम पांकी थाना क्षेत्र के टईया पकरिया इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में फैज खान के पैर में दो गोलियां लगीं।

मौके से पुलिस ने फैज खान के साथी आदर्श कुमार उर्फ धोनी और तारिक शाह को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपी फरार हो गया। फैज खान के पास से इटली मेड 7.65 एमएम पिस्टल और आदर्श कुमार के पास से यूएसए मेड 9 एमएम पिस्टल बरामद की गई है। वहीं तारिक शाह के पास से 39,400 रुपये नकद मिले हैं।

टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार के आवेदन पर पांकी थाना में कांड संख्या 43/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 2023 और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Related Post