जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रेलवे की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे आम जनता के प्रति असंवेदनशील बताया है। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि रेलवे अब सेवा के बजाय केवल कमाई पर केंद्रित हो गया है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने के कारण सवारी ट्रेनें अक्सर टाटानगर पहुंचने से पहले ही घंटों तक रोकी जाती हैं। स्थिति यह है कि टाटानगर से कुछ किलोमीटर पहले तक ट्रेनें समय पर चलती हैं, लेकिन स्टेशन के नजदीक पहुंचते ही लगातार लेट हो जाती हैं। यह समस्या नई नहीं, बल्कि वर्षों से बनी हुई है, जिससे खासकर रोजी-रोटी के लिए आने-जाने वाले मजदूरों को गंभीर नुकसान उठाना पड़ रहा है।
विधायक ने कहा कि रेलवे द्वारा बनाई गई विभिन्न समितियां भी इस समस्या का समाधान नहीं कर पा रही हैं, जिससे उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हैं। उन्होंने इसे यात्रियों के साथ मानसिक उत्पीड़न तक बताया।
इसी मुद्दे को लेकर 7 अप्रैल को टाटानगर जंक्शन पर सुबह 10 बजे से धरना आयोजित किया जाएगा, जिसमें आम जनता से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है।
