Breaking
Thu. Apr 2nd, 2026

मानिकपुर में दांतैल हाथी की संदिग्ध मौत, वन विभाग जांच में जुटा

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर गांव में एक दांतैल (व्यस्क नर) हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। गुरुवार सुबह जैसे ही ग्रामीणों को आम बगीचे के पास हाथी का शव दिखाई दिया, खबर तेजी से फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को अपने नियंत्रण में लेकर जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने आसपास के इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया और संभावित कारणों की तलाश में जुट गए हैं। प्रारंभिक जांच में किसी तरह के बाहरी हमले या स्पष्ट कारण के संकेत नहीं मिले हैं, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है।

वन क्षेत्र पदाधिकारी (रेंजर) जितेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि मृत हाथी की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। हाथी का शव गांव से करीब दो किलोमीटर दूर एक आम के बगीचे में मिला है। जांच के दौरान हाथी के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। साथ ही घटनास्थल पर न तो बिजली का कोई तार मिला है और न ही जहर दिए जाने या किसी बीमारी के स्पष्ट लक्षण दिखाई दिए हैं।

प्राथमिक अनुमान के अनुसार, हाथी भोजन की तलाश में आम बगीचे में घुसा होगा, जहां छोटे-छोटे आम के पौधों पर फल लगे हुए थे। संभव है कि अधिक उम्र या शारीरिक कमजोरी के कारण वह अचानक गिर पड़ा हो, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि वन विभाग इस निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रहा है।

वन विभाग की टीम ने मौके पर ही हाथी का पोस्टमार्टम कराया है और बिसरा (नमूना) को विस्तृत जांच के लिए रांची स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और लैब रिपोर्ट आने के बाद ही हाथी की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Related Post