बोकारो:जिले के बालीडीह ओपी क्षेत्र स्थित गोडाबाली पहाड़ी पर हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान कुख्यात अपराधी प्रिंस गुप्ता उर्फ भाटिया पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के संबंध में एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि हाल के दिनों में जिले में अमन साहू और प्रिंस खान गिरोह द्वारा व्यवसायियों से रंगदारी की मांग की जा रही थी। इसी मामले में गिरफ्तार प्रिंस गुप्ता की निशानदेही पर पुलिस टीम गोडाबाली पहाड़ी पर हथियार बरामद करने पहुंची थी।
पुलिस के अनुसार, प्रिंस गुप्ता ने एक पिस्टल पुलिस को सौंप दी थी, लेकिन दूसरे हथियार को निकालने के दौरान उसने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस हमले में पुलिस जवान और अधिकारी बाल-बाल बच गए, हालांकि गोली पुलिस वाहन में जा लगी।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें प्रिंस गुप्ता के पैर में गोली लग गई। घायल अपराधी को मौके से हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि प्रिंस गुप्ता अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अमन साहू और प्रिंस खान गैंग को व्यवसायियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराता था, जिसके बाद उन्हें धमकी देकर रंगदारी मांगी जाती थी।
गौरतलब है कि हाल ही में रंगदारी मामले में पुलिस ने सात अपराधियों को गिरफ्तार किया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
बोकारो में हथियार बरामदगी के दौरान एनकाउंटर, प्रिंस गुप्ता उर्फ भाटिया के पैर में लगी गोली

