चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा-डोबो मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में जमशेदपुर निवासी रोशन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में एक अन्य चालक घायल हो गया है।उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक रोशन सिंह जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित सुखिया बस्ती का रहने वाला था और हाईवा चालक के रूप में कार्य करता था। जानकारी के अनुसार वह हाईवा लेकर जमशेदपुर से चांडिल की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रोशन सिंह हाईवा के केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इस हादसे में ट्रक चालक अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

