Breaking
Tue. Mar 31st, 2026

बिना सूचना किराया वृद्धि के विरोध में उग्र हुए व्यापारी, जेएनएसी कार्यालय के समक्ष जोरदार धरना

जमशेदपुर। शहर के बाजारों में अचानक किराया बढ़ाए जाने के फैसले के विरोध में मंगलवार को जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन के बैनर तले सैकड़ों व्यापारियों ने जेएनएसी (जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी) कार्यालय के सामने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और किराया वृद्धि के फैसले को पूरी तरह से अवैध बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।

धरना स्थल पर जुटे व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उनका कहना था कि बिना किसी पूर्व सूचना, बैठक या सहमति के बाजारों का किराया बढ़ा देना पूरी तरह मनमाना और अन्यायपूर्ण निर्णय है। व्यापारियों ने सवाल उठाया कि जब वर्षों से किराया तय प्रक्रिया के तहत निर्धारित होता रहा है, तो अचानक इस तरह का फैसला कैसे लिया गया।

प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि जेएनएसी को बाजारों का किराया बढ़ाने का कोई वैधानिक अधिकार नहीं है। यदि किसी उच्च अधिकारी या सरकार के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है, तो उसका लिखित आदेश सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक प्रशासन इस मामले में पारदर्शिता नहीं दिखा रहा है, जिससे व्यापारियों के बीच असंतोष और बढ़ता जा रहा है।

व्यापारियों ने यह भी कहा कि मौजूदा समय में व्यापार पहले से ही कई चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे में अचानक किराया बढ़ाना उनके लिए आर्थिक बोझ को और बढ़ा देगा। छोटे और मध्यम वर्ग के दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है।

धरने के दौरान एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे इस आंदोलन को और तेज करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर जिला प्रशासन से लेकर राज्य स्तर तक अपनी आवाज उठाई जाएगी और बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शन को प्रभावी बनाने के लिए व्यापारियों ने बैनर, पोस्टर और तख्तियां लेकर विरोध जताया। “मनमानी नहीं चलेगी”, “किराया वृद्धि वापस लो” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंजता रहा। इस दौरान राजा दत्त, अनिल गुप्ता, बंटी सिंह, मनोज सिंधी, खोखर पाल, विजय गुप्ता, जुगल किशोर, उदय सिंह और बच्चू घोष सहित कई प्रमुख व्यापारी मौजूद रहे।

Related Post