रांची के लापुंग और ईटकी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की साजिश को नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को दबोचा है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, नाबालिग को डिटेन किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम आशीष उरांव, श्रवण सिंह, सुका उरांव और चारो मिंज बताये गये। इनमें से आशीष उरांव और नाबालिग लापुंग का रहने वाला है। वहीं, बाकी के तीन आरोपी ईटकी के रहने वाले हैं। आरोपियों के पास से अवैध हथियार और चोरी की बाइक बरामद की गई है।
*गुप्त सूचना पर बनी टीम, रास्ते में दबोचे गए आरोपी*
एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि दो युवक बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक से बेड़ो की ओर से लापुंग जा रहे हैं और उनके पास हथियार है। आशंका थी कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर डीएसपी बेड़ो के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। इन दोनों में एक नाबालिग शामिल था।
*पूछताछ में खुला लूट का नेटवर्क*
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि वे रात में सुनसान रास्तों पर वाहनों को रोककर लूटपाट करते थे। उन्होंने यह भी कबूल किया कि धुर्वा इलाके में पहले भी लूट की घटना को अंजाम दे चुके हैं और वहां से लूटी गई बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लापुंग के करमचौरा इलाके में भी लूट की योजना बना रहे थे।
*हथियार सप्लायर भी दबोचे गए*
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने हथियार ईटकी थाना क्षेत्र के दो लोगों से खरीदे थे। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हथियार सप्लायर श्रवण सिंह और सुका उरांव को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर एक सिक्सर और एक देशी कट्टा बरामद किया गया। इस मामले में ईटकी थाना में अलग से कांड दर्ज किया गया है।
*बरामद सामान*
पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से एक सिक्सर, दो देशी कट्टा, तीन जिंदा गोलियां, एक रॉयल एनफील्ड बाइक और एक पल्सर 220 बाइक जब्त किया है।
*आपराधिक इतिहास भी सामने आया*
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी आशीष उरांव पर हत्या, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं हथियार सप्लायर श्रवण सिंह भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
*छापेमारी में शामिल टीम*
इस कार्रवाई में डीएसपी बेड़ो अशोक राम के नेतृत्व में लापुंग, ईटकी, नरकोपी और बेड़ो थाना की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है। इलाके में अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

