चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में गुरुवार को शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह सह अभिभावक गोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक, छात्राएं और विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जगन्नाथपुर के विधायक सोनाराम सिंकु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की तस्वीर पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस दौरान वार्डन लक्ष्मी पाड़ेया, वरिष्ठ शिक्षिका कामिनी दुबे और प्रबंधन समिति की अध्यक्ष पूनम देवी भी मंच पर मौजूद रहीं।
समारोह के दौरान विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं को पढ़ाई और खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। खासतौर पर एक छात्रा ने पांच पदक जीतकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। उसने राष्ट्रीय स्तर पर योग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, वहीं राज्य स्तर पर फुटबॉल में तीन बार सफलता हासिल की है और कबड्डी में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उसकी इस उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।
अपने संबोधन में विधायक सोनाराम सिंकु ने अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में उनकी जिम्मेदारी अहम होती है। उन्होंने कस्तूरबा विद्यालय जैसी योजनाओं को गरीब परिवारों की बच्चियों के लिए उपयोगी बताया। साथ ही शिक्षिकाओं की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई। अभिभावकों को उन्होंने बच्चों में अनुशासन बनाए रखने और बाल विवाह जैसी कुरीतियों से दूर रखने की सलाह दी। छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने गुरु और माता-पिता का सम्मान करने की सीख दी। इस मौके पर उन्होंने विद्यालय को दो नगाड़ा और दो मांडल देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भी सभी का मन मोह लिया। नृत्य, गीत और शारीरिक प्रदर्शन ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया, जिस पर लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।

