रांची। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रांची ने “ऑपरेशन सतर्क” के तहत चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध शराब के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट रांची और फ्लाइंग टीम द्वारा टाटिसिलवे रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर तीन युवक संदिग्ध स्थिति में भारी ट्रॉली बैग के साथ खड़े नजर आए। शक होने पर टीम ने उन्हें रोका और उनके सामान की जांच की।
तलाशी के दौरान उनके पास से विभिन्न ब्रांड की कुल 36 बोतल अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 42,800 रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस शराब को टाटिसिलवे से खरीदकर ट्रेन संख्या 15027 संभलपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस के जरिए बिहार ले जाकर ऊंचे दाम पर बेचने की योजना बना रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलजले कुमार (26), रवि कुमार (18) और अमन कुमार (22) के रूप में हुई है, जो बिहार के बेगूसराय जिले के सिंहौल थाना क्षेत्र के बिनोदपुर गांव के निवासी हैं। तीनों के पास शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर आरपीएफ ने पूरी खेप को जब्त कर लिया।
इसके बाद सभी आरोपियों को 26 मार्च 2026 को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, रांची के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल कुमार, उप निरीक्षक रंजीत कुमार सहित आरपीएफ और फ्लाइंग टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही।

