जमशेदपुर। बुधवार को मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज (MTMC) में “हृदय रोगों में नैदानिक दृष्टिकोण” विषय पर राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन (MAHE) की इस इकाई द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश के कुल 241 विशेषज्ञों और प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम को हाइब्रिड मोड में आयोजित किया गया, जिसमें 105 प्रतिभागी ऑफलाइन और 142 प्रतिभागी ऑनलाइन जुड़े।
सम्मेलन का आयोजन एलाइड हेल्थ साइंसेज विभाग के कार्डियोवैस्कुलर टेक्नोलॉजी (CVT) प्रभाग द्वारा किया गया, जिसमें मणिपाल हॉस्पिटल, कोलकाता के कार्डियक साइंसेज विभाग का सहयोग रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. जी. अरुण मैया और डॉ. रवींद्र नाथ चक्रवर्ती ने दीप प्रज्वलन के साथ किया।
तकनीकी सत्रों में डॉ. अजय अग्रवाल, डॉ. एस.वी.के. सुदीप, डॉ. आशीष हलदर, डॉ. कृष्णानंद नायक और डॉ. दिलीप कुमार सहित कई विशेषज्ञों ने हृदय रोगों की पहचान, उपचार और आधुनिक तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की। सम्मेलन में युवा शोधकर्ताओं को ओरल और पोस्टर प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने शोध प्रस्तुत करने का अवसर मिला, वहीं उत्कृष्ट शोध कार्यों को सम्मानित भी किया गया।
गौरतलब है कि जमशेदपुर स्थित MTMC, MAHE की एक प्रमुख इकाई है, जिसे ‘इंस्टीट्यूशन ऑफ एमिनेंस’ का दर्जा प्राप्त है। यह संस्थान आधुनिक सुविधाओं, समर्पित फैकल्टी और टाटा स्टील के सहयोग से उच्चस्तरीय चिकित्सा शिक्षा प्रदान कर रहा है। टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) के साथ जुड़ाव के माध्यम से यह क्षेत्र की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को भी पूरा कर रहा है।सम्मेलन का समापन संयोजक सुश्री टीना लल्हन के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

