Breaking
Mon. Mar 16th, 2026

जुगसलाई नगर परिषद की उपाध्यक्ष बनीं अर्चना दुबे, गुप्त मतदान में मिली जीत

जमशेदपुर। जुगसलाई नगर परिषद में सोमवार को उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में अर्चना दुबे ने जीत हासिल की। जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले नगर परिषद की नवनिर्वाचित चेयरमैन नौशीन खान और सभी 22 वार्ड सदस्यों को शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह में जमशेदपुर के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने सभी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के बाद उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। इस पद के लिए राहत हुसैन, इरशाद हैदर, अर्चना दुबे और सुरेश शर्मा उर्फ लिपु ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद पार्षदों द्वारा गुप्त मतदान कराया गया, जिसमें सभी सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान के बाद मतगणना की गई, जिसमें अर्चना दुबे को सर्वाधिक 11 वोट मिले। वहीं सुरेश शर्मा उर्फ लिपु को 6 मत, इरशाद हैदर को 3 मत और राहत हुसैन को 2 मत प्राप्त हुए। सबसे अधिक मत मिलने के कारण अर्चना दुबे को जुगसलाई नगर परिषद का उपाध्यक्ष घोषित किया गया।

उल्लेखनीय है कि जुगसलाई नगर परिषद की नवनिर्वाचित चेयरमैन नौशीन खान, जो झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान की पत्नी हैं, उन्हें भी इस अवसर पर औपचारिक रूप से शपथ दिलाई गई। नौशीन खान जुगसलाई नगर परिषद की पहली महिला चेयरमैन बनी हैं।

चुनाव में जीत के बाद अर्चना दुबे ने कहा कि वे जुगसलाई क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और सभी पार्षदों के सहयोग से काम करेंगी। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के साथ नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

गौरतलब है कि इस चुनाव में हिदायतुल्लाह खान ने इरशाद हैदर को अपना उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्हें केवल तीन मत ही प्राप्त हो सके। इसके बाद अर्चना दुबे को विजयी घोषित कर दिया गया।

Related Post