Breaking
Mon. Mar 16th, 2026

चाईबासा में छठी नवीन कुमार सिन्हा मेमोरियल इंटरनेशनल फीडे रैपिड शतरंज प्रतियोगिता आयोजित*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला शतरंज संघ की ओर से छठी नवीन कुमार सिन्हा मेमोरियल इंटरनेशनल फीडे रैपिड रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन खिरवाल बैंक्विट हॉल में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ, नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, संघ के अध्यक्ष मुकुंद रूंगटा, सचिव बसंत खंडेलवाल, घनश्याम दरबारा, दीपेंद्र प्रसाद शॉ और पवन खिरवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि दीपक बिरुआ ने संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में कुल 293 खिलाड़ियों ने भाग लिया और नौ चक्रों में मुकाबले खेले गए।

प्रतियोगिता के समापन के बाद आंध्र प्रदेश के इंटरनेशनल मास्टर धुलिपाला बालचंद्र प्रसाद ने प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें 40 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। पुरस्कार समापन समारोह के मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने दिया। द्वितीय स्थान उत्तर प्रदेश के अरनव अग्रवाल को मिला, जिन्हें आठ अंक हासिल करने पर 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। तृतीय स्थान पश्चिम बंगाल के इंटरनेशनल मास्टर उत्सव चटर्जी ने हासिल किया, जिन्हें 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।

चौथा स्थान इंटरनेशनल मास्टर आर्यन वाष्र्णेय को मिला, जबकि पांचवें स्थान पर इंटरनेशनल मास्टर हिमाल घुसैन रहे।

पुरस्कार वितरण समारोह में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने कहा कि शतरंज बौद्धिक क्षमता को विकसित करने वाला खेल है, जिससे व्यक्ति का मानसिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि चाईबासा में इतने बड़े स्तर पर शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन होना शहर के लिए गर्व की बात है।

संघ के संरक्षक नितिन प्रकाश ने सभी विजेताओं को बधाई दी और पश्चिम सिंहभूम जिला शतरंज संघ के प्रयासों की सराहना की। महासचिव बसंत खंडेलवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में 12 राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

संघ के अध्यक्ष मुकुंद रूंगटा ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए गृह लक्ष्मी सेल्स एंड मार्केटिंग का विशेष आभार जताया और सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का मंच संचालन जयदेव चंद्र त्रिपाठी ने किया।

इस मौके पर अनिल खिरवाल, जहांगीर आलम, सुब्रत चंद्र त्रिपाठी, शालिनी सराफ, निरंजन गोयल, पंकज चिरानिया, विकास गोयल, विवेक कुमार सिंहाज, नीरज सांडवाड़ सहित अन्य लोग मौजूद थे।*

Related Post