जमशेदपुर। टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम की ओर से रविवार को शहरवासियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से डबलोथॉन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन किनन स्टेडियम के समीप स्थित सर दोराबजी पार्क में किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद जमशेदपुर को राष्ट्रपति पदक से गौरवान्वित करने वाले रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार का जोरदार तालियों के साथ स्वागत और सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान सिविल डिफेंस के जवानों, पूर्व सैनिकों और प्रतिभागियों ने सामूहिक जुम्बा डांस के साथ वार्म-अप किया, जिससे पूरे माहौल में उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर महानगरपालिका के मानगो क्षेत्र की मेयर सुधा गुप्ता और विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता उपस्थित रहे। उनके साथ ब्रह्मानंद अस्पताल के चिकित्सक तथा सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर दौड़ प्रतियोगिता की शुरुआत कराई।
डबलोथॉन के तहत बच्चों के लिए दो किलोमीटर और वयस्कों के लिए पांच किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। यह दौड़ सर दोराबजी पार्क से शुरू होकर जुबली पार्क मुख्य द्वार होते हुए किनन स्टेडियम के सामने स्थित दोराबजी पार्क में आकर समाप्त हुई। इस दौरान प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और सिविल डिफेंस के सदस्यों ने स्वयं दौड़ में भाग लेकर लोगों को नियमित दौड़, व्यायाम और साइकिलिंग के माध्यम से स्वस्थ रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मेयर सुधा गुप्ता, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, ब्रह्मानंद के चिकित्सक, दैनिक हिंदुस्तान के संपादक, सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार, डेमोंस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह, शंकर कुमार प्रसाद, प्रशांत कुमार, वीरेंद्र कुमार, अमित कुमार, संजय कुमार महतो, महादेव दास सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाई।

