चाईबासा: बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में तृतीय स्वर्गीय अक्षय चौबे स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन झारखंड सरकार के परिवहन एवं भू-राजस्व विभाग के मंत्री दीपक बिरुआ और नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने दीप प्रज्वलित कर तथा स्व. अक्षय चौबे के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
इस मौके पर नगर परिषद उपाध्यक्ष विकास शर्मा, उद्योगपति और समाजसेवी मुकुंद रुंगटा, अधिवक्ता रमेश चौबे, राजू चौबे, अक्षांश चौबे, संजय चौबे, नीरज संघवार, निशान चौबे, ईशान चौबे सहित चौबे परिवार के सदस्य, शहर के गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे।
उद्घाटन के बाद मंत्री दीपक बिरुआ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए टॉस कराया और प्रतियोगिता की शुरुआत कराई। उन्होंने मैदान में उतरकर बल्लेबाजी भी की और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
टूर्नामेंट में प्रत्येक पारी छह-छह ओवर की रखी गई थी, जिससे सभी मुकाबले तेज और रोमांचक रहे।
*मैचों का विवरण*
पहला मुकाबला रोट्रेक्ट क्लब चाईबासा और मारवाड़ी युवा मंच चाईबासा के बीच खेला गया, जिसमें मारवाड़ी युवा मंच ने 60 रन से जीत दर्ज की।
दूसरा मैच चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और लायन्स क्लब चाईबासा के बीच हुआ। इसमें लायन्स क्लब ने छह विकेट से जीत हासिल की।
तीसरा मुकाबला रेड क्रॉस चाईबासा और वेस्ट सिंहभूम क्रिकेट एसोसिएशन के बीच खेला गया, जिसमें वेस्ट सिंहभूम क्रिकेट एसोसिएशन ने 10 विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
चौथा मैच लायन्स क्लब चाईबासा और मारवाड़ी युवा मंच चाईबासा के बीच खेला गया, जिसमें मारवाड़ी युवा मंच ने नौ विकेट से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई।
*फाइनल मुकाबला*
फाइनल मुकाबला मारवाड़ी युवा मंच चाईबासा और वेस्ट सिंहभूम क्रिकेट एसोसिएशन के बीच खेला गया। मारवाड़ी युवा मंच ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वेस्ट सिंहभूम क्रिकेट एसोसिएशन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 70 रन बनाए और 71 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए मारवाड़ी युवा मंच ने आठ विकेट से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
*मैन ऑफ द मैच*
पहला मैच – रूपेश सोनी (मारवाड़ी युवा मंच) – 36 रन और 2 ओवर में 13 रन देकर 1 विकेट
दूसरा मैच – प्रीत करनानी (लायन्स क्लब) – 32 रन और 2 विकेट
तीसरा मैच – शंकर विश्वकर्मा (वेस्ट सिंहभूम क्रिकेट एसोसिएशन) – 25 रन
चौथा मैच – विपुल दाहिमा (मारवाड़ी युवा मंच) – 43 रन
फाइनल मैच – अंकित शर्मा (मारवाड़ी युवा मंच) – 26 रन
व्यक्तिगत पुरस्कार
बेस्ट बैट्समेन – विपुल दाहिमा (3 मैचों में 92 रन)
बेस्ट बॉलर – रूपेश सोनी (4 ओवर में 28 रन देकर 4 विकेट)
मैन ऑफ द सीरीज़ – रूपेश सोनी (72 रन और 4 विकेट)
पुरस्कार वितरण
समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, सदर अंचल अधिकारी उपेन्द्र कुमार और नगर परिषद उपाध्यक्ष विकास शर्मा ने प्रदान किए।
इस अवसर पर नितिन प्रकाश ने कहा कि अक्षय चौबे भले ही कम समय तक लोगों के बीच रहे, लेकिन उनका व्यवहार और समाज के प्रति समर्पण लोगों के लिए प्रेरणा है। उनके नाम पर आयोजित यह टूर्नामेंट खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
टूर्नामेंट के दौरान पूरे दिन खेल प्रेमियों की भीड़ रही और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

