कोडरमा ।। बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहर घाटी स्थित तिलैया डैम पुल के समीप बुधवार की रात हुए भीषण सडक हादसे मामले में शनिवार को चालक का शव बरामद हो पाया । बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव के नेतृत्व में चले चार दिवसीय सघन सर्च ऑपरेशन के बाद एनडीआरएफ (NDRF) की टीम ने शनिवार दोपहर करीब 3 बजे जलमग्न ट्रक के चालक के शव को पानी से बाहर निकाला। विदित हो कि बीते बुधवार की रात्रि लगभग 10:30 बजे, मछली लदा एक ट्रक (संख्या AP 35X8299) जवाहर घाटी पुल के समीप तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर सीधे डैम में जा गिरा था। ट्रक पूरी तरह से जलमग्न हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उसी रात से ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया ।
4 दिनों की कड़ी मशक्कत के उपरांत चालक का शव बरामद हुया ।
शुक्रवार को भारी मशक्कत के बाद ट्रक को तो पानी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन चालक का कहीं पता नहीं चल सका। शनिवार को थाना प्रभारी की सूझबूझ से NDRF की टीम को बुलाया गया, जिन्होंने कड़ी मेहनत के बाद चालक के पार्थिव शरीर को खोज निकाला। स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव और उनकी टीम के इस समर्पित प्रयास की सराहना की है।
स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों का कहना है कि
अत्यधिक तीखा मोड़ होने के कारण
आए दिन गाड़ियां अनियंत्रित होकर डैम में गिर रही हैं। पिछले 5-6 महीनों में यहाँ कई बड़े हादसे हो चुके हैं।
चालकों ने बताया कि इस रूट पर 2 महीने पहले गति धीमी करने के लिए 25 रेडियम चिन्ह (Markers) लगाए गये लेकिन इन्हें मोड़ के ठीक ऊपर लगा दिया गया। जानकारों का कहना है कि इन चिन्हों को मोड़ से कम से कम 500 मीटर पहले होना चाहिए था ताकि चालक पहले ही सतर्क हो सकें।

