चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित चाईबासा मंडल कारा गेट पर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी रविवार को सदर थाना प्रभारी सह डीएसपी तरुण कुमार ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि 6 अक्टूबर 2024 को अज्ञात अपराधियों ने चाईबासा मंडल कारा के मुख्य गेट के समीप फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर थाना कांड संख्या 79/2024, दिनांक 16 अक्टूबर 2024 के तहत धारा 109 बीएनएस और 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान की। जांच और सत्यापन के बाद इस कांड में शामिल समीर अंसारी उर्फ नसरू को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत महुडंडवा गांव का निवासी है और उसके पिता का नाम स्वर्गीय जसीम अंसारी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में शामिल अन्य अपराधियों के नाम भी बताए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि सभी आरोपी झारखंड के कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा के गिरोह से जुड़े हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त काले रंग की एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस अब मोटरसाइकिल के संबंध में भी आगे की जांच कर रही है। वहीं इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने बताया कि समीर अंसारी का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ शहर थाना डाल्टनगंज में कांड संख्या 33/2025, दिनांक 13 जनवरी 2025 के तहत धारा 111(2)(ii) तथा 25(1-बी)(ए)/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी समीर अंसारी उर्फ नसरू को रविवार 15 मार्च 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इस मामले में की गई छापेमारी में सदर थाना प्रभारी सह डीएसपी तरुण कुमार के साथ पुलिस अवर निरीक्षक उपेंद्र नारायण सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक श्रीकांत कुमार तथा सदर थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

