जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र के बेलाजुड़ी पंचायत अंतर्गत मलियंता गांव में शुक्रवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान दर्दनाक घटना हो गई। भोज के दौरान रसगुल्ला गले में फंस जाने से 41 वर्षीय ललित सिंह की मौत हो गई। इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
मिली जानकारी के अनुसार ललित सिंह शुक्रवार रात करीब एक बजे गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। समारोह में चल रहे भोज के दौरान उन्होंने रसगुल्ला खाया, लेकिन वह अचानक उनके गले में फंस गया। इसके बाद उन्हें सांस लेने में तेज दिक्कत होने लगी और वह मौके पर ही छटपटाने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उनके गले में फंसे रसगुल्ले को निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
स्थिति गंभीर होते देख परिजन और ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार गले में खाद्य पदार्थ फंसने से सांस का रास्ता बंद हो गया था, जिससे शरीर में ऑक्सीजन का प्रवाह रुक गया और उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी इस घटना से मातम का माहौल है। शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
डॉक्टरों ने इस घटना को दुखद बताते हुए कहा कि अगर किसी व्यक्ति के गले में अचानक भोजन या कोई वस्तु फंस जाए तो तुरंत प्राथमिक उपचार देना बेहद जरूरी होता है। ऐसी स्थिति में ‘हेमलिच पैंतरा’ अपनाया जाना चाहिए। इसमें पीड़ित व्यक्ति के पीछे खड़े होकर उसके पेट के ऊपरी हिस्से को जोर से दबाया जाता है, जिससे फंसी हुई वस्तु बाहर निकल सकती है। डॉक्टरों का कहना है कि समय रहते सही प्राथमिक उपचार मिल जाए तो कई बार ऐसी जानलेवा स्थिति से बचाव संभव हो सकता है।

