दुमका*: जिले में हंसडीहा थाना क्षेत्र के गोड्डा–हंसडीहा रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों शवों की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को बबनखेता और चोरबटिया गांव के कुछ लोग रेल पटरी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान करीब पांच सौ मीटर के दायरे में दो युवकों के शव पटरी पर पड़े मिले। शवों की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि दोनों की मौत एक ही ट्रेन की चपेट में आने से हुई है।
स्थानीय लोगों ने मृतकों की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ लोग इसे दुर्घटना तो कुछ आत्महत्या की आशंका जता रहे हैं।
सूचना मिलने पर हंसडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। रेलवे अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव ने बताया कि रेल पटरी से दो युवकों के शव बरामद किए गए हैं, जिनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

