आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर अपराधियों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर सनसनी फैला दी। चूना भट्ठा मुख्य सड़क स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स और बैट्री की दुकान को निशाना बनाकर की गई ताबड़तोड़ गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 1:30 से 1:45 बजे के बीच चूना भट्ठा स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक्स बैट्री की दुकान पर दो बाइक पर सवार चार युवक पहुंचे। सभी ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे। दुकान के पास पहुंचते ही अपराधियों ने बिना किसी चेतावनी के ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब चार राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें कुछ गोलियां दुकान के अंदर की ओर भी दागी गईं।
घटना के समय दुकान में कर्मचारी रवि कुमार मौजूद थे और माना जा रहा है कि हमलावरों का निशाना वही थे। हालांकि किस्मत से रवि कुमार बाल-बाल बच गए। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरातफरी मच गई और कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चार खोखे बरामद किए हैं, जिनमें से एक खोखा दुकान के भीतर से मिला है। इसके साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
दुकान के मालिक संजय कुमार ने बताया कि यह घटना पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है। उनके अनुसार आदित्यपुर-2 निवासी ऋषि ने एक दिन पहले फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी। उन्होंने बताया कि 19 दिसंबर को इनवर्टर बनाने को लेकर विवाद हुआ था और उसी विवाद के चलते 9 मार्च को हरिओम नगर में ऋषि, अमन और सानू ने उनके बेटे पर हमला भी किया था, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी।
हैरानी की बात यह भी है कि जिस समय संजय कुमार पुलिस से कार्रवाई की मांग को लेकर थाने गए हुए थे, उसी दौरान उनकी दुकान पर यह फायरिंग की घटना हो गई।
थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस पहले से दर्ज मारपीट के मामले की भी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

