Breaking
Sat. Mar 14th, 2026

कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़िता पति-पुत्र के साथ उपायुक्त कार्यालय के सामने धरने पर बैठी

जमशेदपुर। शनिवार को कदमा थाना क्षेत्र की रहने वाली रिंकी देवी ने पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अपने पति राजीव प्रसाद और पुत्र के साथ उपायुक्त कार्यालय के सामने धरना शुरू कर दिया है। पीड़िता का आरोप है कि कदमा थाना में मामला दर्ज होने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिसके कारण उन्हें और उनके परिवार को लगातार परेशान किया जा रहा है।

रिंकी देवी ने बताया कि कदमा थाना कांड संख्या 92/2025 के तहत उन्होंने पहले ही आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है और कोर्ट में भी मामला चल रहा है। इसके बावजूद आरोपी पक्ष के लोग प्रतिदिन उनके घर के पास आकर गाली-गलौज करते हैं और मारपीट की धमकी देते रहते हैं। पीड़िता के अनुसार मोहित सिंह उर्फ अविनाश सहित कुछ अन्य लोग लगातार उन्हें और उनके परिवार को डराने-धमकाने का काम कर रहे हैं।

पीड़िता का आरोप है कि उक्त लोगों ने उनके घर में घुसकर मारपीट की थी और घर के पानी के स्रोत पर भी जबरन कब्जा कर लिया है। उनका कहना है कि आरोपियों की गतिविधियों के कारण उनके परिवार की स्थिति काफी भयावह हो गई है और वे लोग लगातार मानसिक प्रताड़ना झेल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनका परिवार अनुसूचित वर्ग से संबंधित है और इसी का फायदा उठाकर उन्हें दबाने की कोशिश की जा रही है।

रिंकी देवी ने आशंका जताई कि यदि समय रहते आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। इसी को लेकर वे अपने पति और पुत्र के साथ उपायुक्त कार्यालय के सामने धरने पर बैठकर न्याय की मांग कर रही हैं।

धरने पर बैठी पीड़िता ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक (शहर) से मामले में हस्तक्षेप कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।

Related Post