जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबूडीह लाल भट्ठा मेन रोड पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मृतक बच्चे की पहचान राज मुंदुइया (10) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वह नदी से पानी पीकर घर की ओर लौट रहा था। उसी दौरान तेज गति से आ रही हाइवा ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के समय बच्चे के पिता राजेंद्र कुमार किसी काम से नदी की ओर गए हुए थे। इसी बीच उन्हें मोबाइल पर सूचना मिली कि उनके बेटे का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही वह दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बेटे की मौत हो चुकी थी। बेटे की मौत देख परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे हाइवा चालक को घेरकर पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हाइवा को भी जब्त कर लिया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे की सूचना देने के बावजूद पुलिस देर से मौके पर पहुंची। इसको लेकर कुछ देर तक लोगों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। लोगों का यह भी कहना है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
घटना से आक्रोशित बस्ती के लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और हंगामा करने लगे। पुलिस अधिकारियों द्वारा लोगों को समझाने और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

