Breaking
Fri. Jun 19th, 2026

चूल्हे में गिरने से युवक गंभीर रूप से झुलसा, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बरकेला गांव के मानकी साई में खाना बनाते समय चूल्हे में गिरकर एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। इलाज के दौरान सदर अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान गणेश बोयपाई (19) के रूप में हुई है। वह दिलीप बोयपाई का पुत्र और बरकेला के मानकी साई का निवासी था।

घटना के संबंध में गणेश के पिता दिलीप बोयपाई ने बताया कि बुधवार सुबह घर के सभी लोग प्रतिदिन की तरह शौच के लिए तालाब की ओर गए थे। उस समय घर में गणेश लकड़ी के चूल्हे पर खाना बना रहा था।

उन्होंने बताया कि उस दिन गणेश की तबीयत भी ठीक नहीं थी। खाना बन जाने के बाद वह चूल्हे के पास आग ताप रहा था। इसी दौरान संभवत: उसे चक्कर आ गया और वह सीधे चूल्हे में गिर गया, जिससे उसकी छाती और पेट बुरी तरह झुलस गए।

परिजन जब शौच से लौटकर घर पहुंचे तो अंदर से हल्की आवाज सुनाई दी। घर में जाकर देखा तो गणेश आग से झुलस रहा था। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा लाया गया। अस्पताल में दिन भर उसका इलाज चलता रहा, लेकिन बुधवार रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

दिलीप बोयपाई ने बताया कि गणेश किसी प्रकार का नशा नहीं करता था। उसने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी और वह अविवाहित था।

घटना के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल है। इधर जैसे ही सदर थाना को इस बात की सूचना मिली पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Related Post