रांची। इंडेन गैस उपभोक्ताओं को हो रही असुविधा को देखते हुए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने गैस रिफिलिंग के लिए मैन्युअल बुकिंग की व्यवस्था शुरू कर दी है। कंपनी के सर्वर में चल रहे तकनीकी अपग्रेडेशन के कारण फिलहाल ऑनलाइन और सामान्य बुकिंग प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, जिसके चलते उपभोक्ताओं को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत मोबाइल नंबरों के माध्यम से सीधे गैस एजेंसियों से संपर्क कर बुकिंग कराने की सुविधा दी गई है।
कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में गैस बुकिंग की संख्या में काफी वृद्धि होने के कारण सर्वर पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा था। इस स्थिति को देखते हुए तकनीकी उन्नयन यानी सर्वर अपग्रेडेशन का काम शुरू किया गया है, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को बिना किसी बाधा के तेज और सुचारू सेवा मिल सके। अपग्रेडेशन का कार्य जारी है और इसके पूरा होते ही गैस सिलेंडर की ऑनलाइन तथा सामान्य बुकिंग व्यवस्था फिर से पहले की तरह शुरू कर दी जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार रांची जिले में इंडेन गैस के लगभग डेढ़ लाख उपभोक्ता हैं। सर्वर में तकनीकी समस्या के बावजूद गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। प्रतिदिन पहले की तरह करीब 10,500 गैस सिलेंडरों की डिलीवरी उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जा रही है, जिससे किसी भी तरह की कमी की स्थिति नहीं है। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराकर अनावश्यक या पैनिक बुकिंग न करें, क्योंकि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रांची जिले के विभिन्न इंडेन गैस वितरकों ने मैन्युअल बुकिंग के लिए अलग-अलग मोबाइल नंबर जारी किए हैं। इन नंबरों पर कॉल कर उपभोक्ता अपने गैस सिलेंडर की बुकिंग करा सकते हैं। जिन एजेंसियों के नंबर जारी किए गए हैं, उनमें अदिति इंडेन, शांतनु इंडेन, देवी गैस, आनंद गैस, अल्फा इंडेन, रांची गैस, उरांव गैस डिस्ट्रीब्यूटर, झलक इंडेन, बरियातू इंडेन, इंद्रप्रस्थ गैस, तातीसिलवे इंडेन, ओरमांझी इंडेन, सिटी इंडेन, एफएफसीसीएस, माधुरी इंडेन, जयंत गैस, प्रताप इंडेन, जीके इंडेन, आरव इंडेन और सुमति गैस सहित झारखंड स्टेट फूड एंड सिविल सप्लाई से जुड़े वितरक शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने भी उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने और आवश्यकता होने पर संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क करने की सलाह दी है। साथ ही किसी भी प्रकार की जन शिकायत दर्ज कराने के लिए रांची जिला प्रशासन का व्हाट्सएप नंबर 9430328080 (अबुआ साथी) जारी किया गया है, जिस पर नागरिक अपनी समस्या साझा कर सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि सर्वर अपग्रेडेशन का कार्य पूरा होते ही गैस बुकिंग की प्रक्रिया पूरी तरह सामान्य हो जाएगी और उपभोक्ताओं को पहले की तरह ऑनलाइन व अन्य माध्यमों से आसानी से बुकिंग की सुविधा मिल सकेगी।

