Breaking
Fri. Mar 13th, 2026

चतरा-डोभी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, कंटेनर पलटने के बाद कई ट्रक भिड़े, लगा लंबा जाम

चतरा : चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र की संघरी घाटी में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। चतरा–डोभी मुख्य मार्ग के खतरनाक मोड़ पर एक कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। कंटेनर के पलटते ही पीछे से आ रहे कई भारी वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। इस दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक हाईवा ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर के पलटने के बाद पीछे आ रहे वाहनों के चालकों को संभलने का मौका नहीं मिला और एक के बाद एक ट्रक आपस में भिड़ते चले गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कई वाहनों को भारी क्षति पहुंची। हादसे के बाद चालक और सहचालकों के बीच भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दुर्घटना के कारण चतरा–डोभी मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस ने क्रेन की सहायता से पलटे हुए कंटेनर और क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की, ताकि सड़क से जाम हटाकर यातायात को सामान्य किया जा सके। हादसे में एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Related Post