Breaking
Fri. Mar 13th, 2026

हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार ससुर-दामाद की दर्दनाक मौत

कोडरमा। जिले में कोडरमा–जमुना मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना कोडरमा थाना क्षेत्र के जलवाबाद के पास करीब तीन बजे घटी। मृतकों की पहचान नवलशाही निवासी 62 वर्षीय दिनेश्वर ठाकुर और उनके दामाद गिरिडीह के चिलगा गांव निवासी 35 वर्षीय सचिन ठाकुर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार दोनों बाइक से कोडरमा की ओर जा रहे थे। उसी दौरान डोमचांच की ओर से गिट्टी लदा एक हाइवा भी कोडरमा की तरफ आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नागरखारा के पास बाइक सवारों ने हाइवा को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान बाइक अचानक हाइवा की चपेट में आ गई और उसमें फंस गई।

हादसा इतना भयावह था कि हाइवा बाइक और उस पर सवार दोनों लोगों को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए जलवाबाद तक ले गया। इस दौरान दोनों की मौके पर ही मौत हो गई और उनके शरीर के टुकड़े सड़क पर बिखर गए, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से नवलशाही पहुंची। खबर मिलते ही दिनेश्वर ठाकुर के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और कपड़ों तथा बाइक के आधार पर दोनों की पहचान की।

इधर सूचना मिलने पर कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है तथा चालक और उपचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे।

Related Post