Breaking
Fri. Mar 13th, 2026

गंगा में डूबने से दो मासूम भाइयों की मौत, गांव में पसरा मातम

साहिबगंज : राजमहल थाना क्षेत्र के सरकंडा गांव में शुक्रवार सुबह उस समय मातम छा गया जब गंगा नदी से दो मासूम भाइयों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान सेंटू चौरसिया के आठ वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार और छह वर्षीय पुत्र राघव कुमार के रूप में हुई है। दोनों बच्चे गुरुवार दोपहर से घर से लापता थे।

बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर के बाद दोनों बच्चे अचानक घर से बाहर चले गए और देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी देर तक बच्चों के घर नहीं आने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। इसी बीच शाम करीब छह बजे किसी ग्रामीण ने गंगा नदी किनारे बच्चों की चप्पल और कपड़े पड़े होने की सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मामले की जानकारी राजमहल थाना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी हसनैन अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से रातभर बच्चों की तलाश कराई। मछली पकड़ने वाले जाल से नदी में खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

शुक्रवार सुबह गंगा नदी में एक बच्चे का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद गोताखोरों को बुलाया गया और खोजबीन के दौरान दूसरे बच्चे का शव भी नदी से बाहर निकाल लिया गया। दोनों मासूम भाइयों के शव मिलने की खबर पूरे गांव में फैलते ही गंगा तट पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

बच्चों के शव को देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां प्रियंका देवी और नानी बच्चों से लिपटकर लगातार विलाप करती रहीं। परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण उन्हें संभालने की कोशिश करते रहे। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

राजमहल थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Post