झारसुगुड़ा: ओडिशा के औद्योगिक क्षेत्र झारसुगुड़ा के लपंगा में ऋषभ ऑटोमोबाइल्स ने अपना दूसरा सर्विस सेंटर शुरू किया है। नए सेंटर के शुरू होने से क्षेत्र में चलने वाले ट्रक और ट्रेलरों के रखरखाव और सर्विसिंग की सुविधाएं अब और बेहतर हो सकेंगी।
मीडिया से बातचीत में ऋषभ ऑटोमोबाइल्स के डायरेक्टर कुशाग्र दत्ता ने बताया कि झारसुगुड़ा और सुंदरगढ़ इलाके में बड़ी संख्या में भारी वाहन संचालित होते हैं, लेकिन उनके लिए आधुनिक सर्विस और मेंटेनेंस की सुविधाएं सीमित हैं। ऐसे में इस नए सर्विस सेंटर के शुरू होने से ट्रक और ट्रेलर मालिकों को काफी सहूलियत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ओडिशा खनिज संपदा और कोयले से समृद्ध राज्य है, जहां बड़े पैमाने पर माइनिंग का काम होता है। माइनिंग गतिविधियों में भारी वाहनों की अहम भूमिका होती है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए लपंगा में यह सर्विस सेंटर शुरू किया गया है, ताकि ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों को बेहतर तकनीकी सेवाएं मिल सकें।
कुशाग्र दत्ता ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से ओडिशा में काम कर रहे हैं। जाजपुर में पहला सर्विस सेंटर स्थापित करने के बाद अब झारसुगुड़ा में दूसरा सेंटर शुरू किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सेंटर के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि पहले ऋषभ ऑटोमोबाइल्स मुख्य रूप से हाइड्रोलिक इंडस्ट्री में कार्य करती थी, लेकिन अब कंपनी ट्रेलर एक्सल के क्षेत्र में भी कदम रख रही है। जिस तरह जमशेदपुर में कंपनी ने अपने काम के दम पर पहचान बनाई है, उसी तरह ओडिशा में भी बेहतर सेवा देने का प्रयास किया जाएगा।
उद्घाटन के अवसर पर विशाल रूपारेल, पारस खन्ना, गोपी तुलस्यान, विवेक तुलस्यान, संजीव कुमार, सुनील केडिया, मुन्ना पांडे, दामोदर राव, सिद्धार्थ दास और लड्डू झा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

