Breaking
Wed. Mar 11th, 2026

प्रेम जाल में फंसाकर लाखों के गहने पार, शादी का झांसा देकर घर में घुसी युवती

जमशेदपुर। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर गरुड़बासा में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने शादी का झांसा देकर युवक और उसके परिवार का विश्वास जीत लिया और फिर लाखों रुपये के गहने लेकर फरार होने की कोशिश की। घटना का खुलासा तब हुआ जब घर की अलमारी से जेवरात और नगद गायब पाए गए।

जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर निवासी निखिल सिंह ने बताया कि उसकी पहचान पूजा पांडेय नामक युवती से हुई थी, जो शहर में एक पीजी में रहती है। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बात शादी तक पहुंच गई। इसी दौरान निखिल के घर में जनेऊ का कार्यक्रम रखा गया था, जिसमें पूजा भी शामिल होने के लिए पहुंची। कार्यक्रम के दौरान उसने घर के लोगों से घुलमिलकर उनका भरोसा जीत लिया।

परिवार का विश्वास हासिल करने के बाद निखिल ने अपनी अलमारी की चाभी भी उसे दे दी। 6 मार्च को जब जनेऊ कार्यक्रम समाप्त होने के बाद निखिल की बुआ घर लौटने की तैयारी कर रही थीं, तब उन्हें अपनी अलमारी से मंगलसूत्र निकालना था। इसके लिए निखिल बार-बार पूजा से चाभी मांग रहा था, लेकिन वह लगातार कोई न कोई बहाना बनाकर चाभी देने से बचती रही। इस पर घरवालों को शक हुआ।

इसी दौरान यह भी पता चला कि युवती ने आसपास के पड़ोसियों का भी विश्वास जीतकर उनके घरों से अलमारी की चाभी और गहने गायब करने की कोशिश की थी। मामले के सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि पूजा पांडेय पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि वह युवकों को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा देती है और मौका मिलते ही जेवरात और कीमती सामान लेकर फरार हो जाती है।

घटना की सूचना मिलने के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। फिलहाल गोविंदपुर थाना पुलिस युवती को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Related Post