जमशेदपुर औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों को एलपीजी/वाणिज्यिक गैस की आपूर्ति में आ रही गंभीर बाधा को लेकर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) ने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।*
चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया (Manav Kedia), President SCCI ने कहा कि जमशेदपुर–आदित्यपुर क्षेत्र पूर्वी भारत के महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्रों में से एक है, जहाँ बड़ी संख्या में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (MSME) संचालित हो रहे हैं। इन उद्योगों में कई इकाइयाँ अपने उत्पादन कार्यों जैसे वेल्डिंग, ब्रेजिंग, मेटल कटिंग, फोर्जिंग, हीट ट्रीटमेंट, कास्टिंग तथा अन्य इंजीनियरिंग प्रक्रियाओं के लिए वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भर हैं।
उन्होंने बताया कि देश में एलपीजी की कुल खपत लगभग 31 मिलियन मीट्रिक टन प्रतिवर्ष है, जिसमें से लगभग 84–87 प्रतिशत घरेलू उपभोक्ताओं द्वारा उपयोग किया जाता है, जबकि केवल 13–16 प्रतिशत ही वाणिज्यिक एवं औद्योगिक क्षेत्र में प्रयोग होता है। ऐसे में उद्योगों के लिए सीमित मात्रा में एलपीजी की सुनिश्चित आपूर्ति करने से घरेलू आपूर्ति पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा, लेकिन इससे औद्योगिक उत्पादन प्रभावित होने से बचाया जा सकता है।
चैंबर के अनुसार आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र झारखंड का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है, जो लगभग 3200 हेक्टेयर में फैला हुआ है और जहाँ 1200 से अधिक औद्योगिक इकाइयाँ संचालित हो रही हैं। ये इकाइयाँ प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से एक लाख से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान करती हैं और ऑटोमोबाइल तथा इंजीनियरिंग उद्योगों की आपूर्ति श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
इस संबंध में हर्ष बांकरेवाल (Harsh Bankrewal), Vice President – Industry SCCI ने कहा कि हाल के दिनों में घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के निर्देशों के कारण कई औद्योगिक इकाइयों को वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके परिणामस्वरूप अनेक इकाइयों को अस्थायी रूप से उत्पादन कम करना पड़ रहा है या कार्य बंद करने की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे उद्योगों के साथ-साथ हजारों श्रमिकों की आजीविका भी प्रभावित हो सकती है।
वहीं पुनीत कौंटिया (Punit Kauntia), General Secretary SCCI ने कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो इसका सीधा असर औद्योगिक उत्पादन, आपूर्ति श्रृंखला और स्थानीय रोजगार पर पड़ेगा। उन्होंने आग्रह किया कि औद्योगिक इकाइयों के लिए वाणिज्यिक एलपीजी की न्यूनतम और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु संबंधित तेल विपणन कंपनियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएँ।
सिंहभूम चैंबर ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि तेल विपणन कंपनियों को निर्देशित किया जाए कि औद्योगिक क्षेत्रों के लिए वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की न्यूनतम और सुनिश्चित आपूर्ति बनाए रखी जाए, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं की जरूरतों की सुरक्षा के साथ-साथ औद्योगिक गतिविधियाँ भी निर्बाध रूप से चलती रहें।
चैंबर द्वारा इस पत्र की प्रतिलिपि श्री हरदीप सिंह पुरी, केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री, श्री हेमंत सोरेन, मुख्यमंत्री झारखंड, तथा उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर को भी भेजी गई है, ताकि इस महत्वपूर्ण विषय पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
चैंबर ने आशा व्यक्त की है कि इस विषय में शीघ्र हस्तक्षेप से क्षेत्र के उद्योगों को राहत मिलेगी, उत्पादन प्रभावित होने से बचेगा तथा हजारों लोगों के रोजगार सुरक्षित रहेंगे।

