Breaking
Wed. Mar 11th, 2026

सीनी रेलवे प्रशिक्षण संस्थान में ऑपरेटिंग कर्मचारियों को मिला आपदा राहत का प्रशिक्षण

जमशेदपुर। टाटानगर रेल सिविल डिफेंस की ओर से बुधवार को सीनी स्थित जोनल रेलवे प्रशिक्षण संस्थान में ऑपरेटिंग विभाग के कर्मचारियों के लिए आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कर्मचारियों को फायर सर्विस, इमरजेंसी रेस्क्यू और बेसिक लाइफ सपोर्ट से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। प्रशिक्षण पावर प्वाइंट प्रस्तुति और मॉक ड्रिल के माध्यम से कराया गया, ताकि आपदा की स्थिति में कर्मचारी प्रभावी ढंग से राहत कार्य कर सकें।

प्रशिक्षण के दौरान सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर और राष्ट्रपति पदक से सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने बताया कि भारत आपदा प्रभावित देशों में विश्व स्तर पर तीसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि चाहे प्राकृतिक आपदा हो या मानव निर्मित, दोनों ही स्थितियों में जान-माल की भारी क्षति होती है। ऐसे में सही प्रशिक्षण और कार्यकुशलता से नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना स्थल पर अक्सर संसाधनों की कमी होती है और कई लोग बेहोशी, हड्डी टूटने या अत्यधिक रक्तस्राव की स्थिति में पड़े रहते हैं। ऐसी परिस्थिति में ट्रायेज प्रणाली के तहत गंभीर घायलों की पहचान कर उन्हें प्राथमिक उपचार देना और गोल्डन आवर के भीतर एंबुलेंस से अस्पताल भेजना सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने घायलों को सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित करने की विभिन्न तकनीकों की भी जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दूसरे चरण में डेमोंस्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद ने सीपीआर देने की विधि, अग्निशमन उपकरणों के निरीक्षण की अवधि और उनके उपयोग की प्रक्रिया का मॉक ड्रिल के माध्यम से प्रदर्शन किया। साथ ही कंबल, रस्सी और बोरे की मदद से अस्थायी स्ट्रेचर तैयार करने की विधि भी सिखाई गई।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में ईस्ट कोस्ट रेलवे, साउथ ईस्टर्न रेलवे और साउथ सेंट्रल रेलवे के रिफ्रेशर स्टेशन मैनेजर, ट्रेन मैनेजर, टावर वैगन ड्राइवर और सहायक लोको पायलट सहित करीब 200 रेलकर्मियों ने भाग लिया और आपदा राहत कार्यों का प्रशिक्षण प्राप्त किया

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अनुदेशक संतोष कुमार ने सिविल डिफेंस द्वारा दिए जा रहे इस प्रशिक्षण की सराहना की और सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद दिया।

Related Post