Breaking
Sat. Mar 7th, 2026

साकची में झाड़ियों में लगी आग से पांच बाइक जलकर राख, कारणों की जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र में शनिवार को आग लगने की एक बड़ी घटना सामने आई, जिसमें CGPC कार्यालय और मॉडर्न पब्लिक स्कूल के पास खड़ी पांच मोटरसाइकिलें जलकर पूरी तरह राख हो गईं। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति द्वारा झाड़ियों में सिगरेट पीकर फेंक देने से सूखी घास और झाड़ियों में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई और पास में खड़ी मोटरसाइकिलें इसकी चपेट में आ गईं।

बताया जाता है कि जिन मोटरसाइकिलों में आग लगी, वे टाटा स्टील के ठेका कर्मियों की थीं। सभी कर्मी अपनी बाइक CGPC कार्यालय के पास खड़ी कर कंपनी के अंदर ड्यूटी करने गए हुए थे। इसी दौरान अचानक झाड़ियों में लगी आग फैलते हुए बाइक तक पहुंच गई और देखते ही देखते सभी बाइक जलकर खाक हो गईं।

इस घटना में जिन लोगों की मोटरसाइकिलें जली हैं, उनमें शरत चंद्र महतो, सतीश कुमार, बी. सुधाकर राव और राजेश कुमार शामिल हैं। वहीं एक बाइक मालिक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। साकची थाना पुलिस भी पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Related Post