कोडरमा ।। जयनगर थाना क्षेत्र के कोसमाडीह में शनिवार की संध्या एक दर्द विदारक घटना हो गई। गांव के पास स्थित खोंडा आहार में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई जिसमें प्रियांशु कुमारी (9) पिता प्रदीप शर्मा, रोहित शर्मा (7) पिता मुकेश शर्मा तथा संध्या कुमारी (9) पिता धर्मवीर यादव के नाम शामिल हैं। तीनों कोसमा डी निवासी हैं। मिली जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे लगभग तीन बजे अपने घर से नहाने के लिए निकले थे। जब तीनों देर तक वापस नहीं आए तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। खोजबीन के पश्चात, यह पता चला कि बगल के खोंडा आहर में एक बच्चे का शव तैर रहा है। फिर क्या था पूरे क्षेत्र में घटना की सूचना फैल गई और लोग देखते ही देखते घटनास्थल पर पहुंच गए। आनन फानन में लोग बच्चों को निकाला लेकिन बच्चों की मौत पहले ही हो चुकी थी। इधर, तीनों बच्चों की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल हो गया है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह दल बल के साथ पहुंचे आगे की कार्रवाई में जुट गए।

