जमशेदपुर। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ जमशेदपुर जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के स्टार टॉकीज के समीप आशीर्वाद होटल के पीछे प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 17 दुकानों को अतिक्रमण मुक्त कराया। अनुमंडल प्रशासन के निर्देश पर दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस बल और राजस्व अधिकारियों की निगरानी में यह कार्रवाई की गई।
प्रशासन के अनुसार, संबंधित जमीन पर किए गए अतिक्रमण को लेकर टाटा स्टील की ओर से आवेदन दिया गया था। आवेदन के आधार पर संबंधित अतिक्रमणवाद की प्रक्रिया पूरी की गई और पारित आदेश के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम ने चिह्नित सरकारी भूमि पर बने दुकानों और अस्थायी निर्माण को हटाया।
बताया गया कि अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नोटिस जारी कर सरकारी जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दुकानों को हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
मौके पर मौजूद दंडाधिकारी ने बताया कि टाटा स्टील के आवेदन और अनुमंडल प्रशासन के आदेश के आलोक में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि करीब 17 दुकानों को हटाकर चिह्नित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इधर, प्रशासन की ओर से साकची थाना क्षेत्र में भी चिह्नित सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निर्धारित की गई है। विभिन्न अतिक्रमणवादों में पारित आदेश के आधार पर संबंधित स्थानों से कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया है। राजस्व अधिकारियों को मौके पर मौजूद रहकर दंडाधिकारी को आवश्यक सहयोग देने को कहा गया है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी मामले में न्यायालय का कोई आदेश प्रभावी है, तो उसका अध्ययन करने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

