जमशेदपुर। टाटा स्टील को सस्टेनेबिलिटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईसीसी) की ओर से आयोजित चौथे वार्षिक आईसीसी सस्टेनेबिलिटी एक्सीलेंस अवॉर्ड्स एंड सिम्पोजियम 2026 में प्रथम रनर-अप के सम्मान से नवाजा गया। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में टाटा स्टील को ‘मैन्युफैक्चरिंग–कॉरपोरेट’ श्रेणी में यह सम्मान प्रदान किया गया।
कंपनी की ओर से यह पुरस्कार चंद्र प्रकाश, चीफ, सीआरएम एंड ट्यूब्स (साहिबाबाद), सितेंदर सिंह, सीनियर मैनेजर सेल्स (आईबीएमडी) और गोविंद शर्मा, सीनियर मैनेजर सेल्स (आईबीएमडी) ने ग्रहण किया। यह सम्मान टाटा स्टील की पर्यावरणीय स्थिरता और औद्योगिक संसाधनों के प्रभावी उपयोग की दिशा में लगातार किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करता है।
टाटा स्टील के इंडस्ट्रियल बाय-प्रोडक्ट्स मैनेजमेंट डिवीजन (आईबीएमडी) की ओर से औद्योगिक उप-उत्पादों का उत्पादक एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में किए जा रहे कार्य कंपनी की व्यापक सस्टेनेबिलिटी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। औद्योगिक उप-उत्पादों के बेहतर प्रबंधन और उनके पुन: उपयोग के माध्यम से संसाधनों के संरक्षण के साथ पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने में भी योगदान दिया जा रहा है।
आईसीसी सस्टेनेबिलिटी एक्सीलेंस अवॉर्ड में मिली यह उपलब्धि टाटा स्टील के सतत विकास, जिम्मेदार औद्योगिक प्रबंधन और संसाधनों के बेहतर उपयोग के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

