चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना सोनुआ-गुदड़ी मुख्य मार्ग पर सारंडिया कैंप के समीप हुई, जहां दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बालजोड़ी (घाघरासाई) निवासी रामराय मारला (40 वर्ष) और बुधलाल मारला (35 वर्ष) सोमवार बाजार से खरीदारी कर सोनुआ की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से सोनुआ बाजार से अपने घर झुपरा लौट रहे बेलडसन चंपिया (45 वर्ष) की बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में बुधलाल मारला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं रामराय मारला और बेलडसन चंपिया गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना मिलते ही सोनुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से घायलों को तत्काल सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

