Breaking
Mon. Feb 16th, 2026

देवेंद्र माझी स्पोर्ट्स फाउंडेशन की रजत जयंती पर पूर्व खिलाड़ियों का सम्मान, स्थानीय प्रतिभाओं को संवारने का संकल्प दोहराया गया

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले में सोमवार को देवेंद्र माझी स्पोर्ट्स फाउंडेशन (डीएमएफएस) का रजत जयंती समारोह पोड़ाहाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सभागार में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। ऑल इंडिया स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट की विजेता रही फाउंडेशन के इस विशेष कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद सह संरक्षक जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

समारोह में चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव, खरसावां के विधायक दशरथ गागराई तथा मनोहरपुर के विधायक सह डीएमएफएस अध्यक्ष जगत माझी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन से जुड़े करीब 25 पूर्व खिलाड़ियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य खेल विधाओं को आगे बढ़ाने में योगदान देने वाले प्रशिक्षकों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि जोबा माझी ने अपने संबोधन में कहा कि फाउंडेशन की स्थापना का मूल उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को तराशकर उन्हें बेहतर मंच और अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि संस्था ने इस दिशा में सराहनीय कार्य किया है और इसके कई खिलाड़ी आज केंद्र व राज्य सरकार की सेवाओं में हैं तथा विभिन्न प्रतिष्ठित टीमों से जुड़कर अपने खेल जीवन को आगे बढ़ा रहे हैं।

विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट में जीत दर्ज कर फाउंडेशन की टीम ने अपनी प्रतिभा और अनुशासन का परिचय दिया है। उन्होंने बताया कि लट्टू उरांव स्मारक कल्याण समिति और डीएमएफएस का साझा उद्देश्य क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करना और खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना है।

विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि एक खिलाड़ी होने के नाते वे खेलों के विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी जनप्रतिनिधि मिलकर स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास करते रहेंगे।

डीएमएफएस अध्यक्ष जगत माझी ने कहा कि संस्था केवल फुटबॉल तक सीमित नहीं है, बल्कि क्रिकेट, कराटे, बॉक्सिंग और हॉकी जैसे खेलों को भी बढ़ावा दे रही है। उन्होंने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर फाउंडेशन से संपर्क करें।

कार्यक्रम का संचालन एस अनवर ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. शिवपूजन सिंह ने किया। अंत में दिवंगत रेफरी सुनील महतो की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

समारोह में सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव मोहम्मद दिलदार, पिनाकी रंजन, उदय माझी, मोहम्मद अशरफ, कोच इकबाल खान, मैनेजर मोहम्मद शाहिद, बुधराम उरांव, लालू उरांव, बापी दत्ता, हसनैन आलम, डॉली अंसारी, मोहम्मद जलाल, गौस खान सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर रिंकी कुजूर, नीलम खलखो, जितेन महतो, तकी अहमद, आसिफ इकबाल, शशि मेलगांडी, मदन सिंह चाकी, मोहम्मद सिराज, तहसीन आलम, शशि बेहरा, प्रकाश मुखी, अमित गोप, आफताब आलम, अब्दुल वाजिद, इरशाद अहमद, नीरज, बालेश्वर बेसरा बाले, नेहाल अंसारी, सुजीत महतो, शरीफ आलम, मंजर आलम, इलू नाग, मोहम्मद आमिर, सुशांति, इकबाल खान, अमित हेम्ब्रम, सोमवारी हेम्ब्रम और गौस खान को सम्मानित किया गया।

Related Post