Breaking
Mon. Feb 16th, 2026

परीक्षा केंद्र के बाहर मारपीट, सत्यापन करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला- आरोपी गिरफ्तार

बोकारो। सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के ग्राम सतनपुर स्थित पीएम श्री पंचानन प्लस टू उच्च विद्यालय के बाहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब बिजली का तार बदल रहे मजदूरों एवं वहां मौजूद साइट इंजीनियर के साथ एक व्यक्ति ने मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी। घटना की सूचना परीक्षा ड्यूटी में तैनात स०अ०नि० मिथलेश दुबे ने दिवा गश्ती पर रहे पु०अ०नि० कांति विलास अभिनाश को दूरभाष के माध्यम से दी। वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर गश्ती दल तत्काल विद्यालय पहुंचा। मौके पर भीड़ जमा थी तथा मजदूर और साइट इंजीनियर भयभीत अवस्था में मिले। स्थानीय लोगों से पूछताछ में बताया गया कि निमाई सिंह नामक व्यक्ति घटना के बाद वहां से फरार हो गया। पुलिस टीम सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए जब निमाई सिंह के घर पहुंची तो वह घर पर मौजूद मिला। पूछताछ के दौरान वह अचानक उत्तेजित और आक्रामक हो गया। आरोप है कि उसने अपनी पत्नी उर्मिला देवी के साथ मिलकर सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान पुलिस बल पर हमला कर दिया, जिसमें पु०अ०नि० कांति विलास अभिनाश घायल हो गए। घायल पदाधिकारी का इलाज सदर अस्पताल, बोकारो में कराया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए निमाई सिंह को गिरफ्तार कर थाना लाया। इस संबंध में सेक्टर-12 थाना कांड संख्या 16/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 221, 132, 308(4), 352, 351(3) एवं 3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी निमाई सिंह, पिता स्व० जीतलाल सिंह, ग्राम सतनपुर धोबी टोला, थाना सेक्टर-12, जिला बोकारो का निवासी है। छापामारी दल में पु०अ०नि० कांति विलास अभिनाश, स०अ०नि० मिथलेश दुबे, आरक्षी देवेश शुक्ला तथा गृहरक्षक चालक अजय कुमार यादव शामिल थे। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Related Post