Breaking
Tue. Feb 10th, 2026

चाकुलिया नगर पंचायत चुनाव से पहले पुलिस की सख्ती, दो अवैध शराब भट्ठियां ध्वस्त

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में चाकुलिया नगर पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को चाकुलिया थाना क्षेत्र के धोबासोल गांव में पुलिस ने एक अवैध देसी शराब भट्ठी को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद शराब बनाने के उपकरणों के साथ लगभग 150 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट कर दिया गया, जबकि 25 लीटर देसी शराब जब्त कर उत्पाद विभाग को अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन भेजा गया।

इसके बाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल सीमा से सटे केंदाडांगरी गांव के जंगल क्षेत्र में संचालित एक अन्य अवैध देसी शराब भट्ठी पर भी छापा मारा। यहां शराब निर्माण के लिए रखे गए 20 गैलन, दो मिट्टी की हांडी में भरा करीब 450 किलोग्राम जावा महुआ और अन्य उपकरणों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

चाकुलिया थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध देसी शराब के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

Related Post