Breaking
Fri. Sep 18th, 2026

*डीडीसी ने टोंटो प्रखंड में विकास योजनाओं का किया औचक निरीक्षण, समय पर काम पूरा करने का निर्देश*

चाईबासा : उप विकास आयुक्त ने शुक्रवार को टोंटो प्रखंड की ग्राम पंचायत बड़ा झींकपानी एवं सेरंगसिया अंतर्गत विभिन्न विकास योजनाओं का औचक स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्राक्कलन के अनुसार किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों और कार्यान्वयन एजेंसियों को योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में 15वें वित्त आयोग मद से निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टोंटो का जायजा लिया गया। उप विकास आयुक्त ने प्राक्कलन और प्रारूप के अनुसार निर्माण कार्य का विस्तृत निरीक्षण करते हुए कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

इसके बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय टोंटो में डीएमएफटी मद से निर्माणाधीन चारदीवारी का निरीक्षण किया गया। विद्यालय की शिक्षिकाओं ने परिसर में पेयजल की बेहतर व्यवस्था, छत और सीढ़ी की मरम्मत सहित अन्य आवश्यक कार्य कराने का अनुरोध किया। इस पर उप विकास आयुक्त ने संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत विद्यालय परिसर में खेल मैदान तैयार करने का निर्देश सहायक अभियंता वीबी जी राम जी टोंटो को दिया।

विकसित भारत जी राम जी के तहत बिरसा हरित ग्राम योजना तथा ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत अबुआ आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। लाभुकों को आवास निर्माण में तेजी लाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

मानव दिवस सृजन के कार्यों की समीक्षा के दौरान कंप्यूटर सहायक वीबी जी राम जी संतोष मालुवा, रोजगार सेवक जितेंद्र आलड़ा, हरिनंदन पंडित और अनुवरूल हक बिना अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित पाए गए। उप विकास आयुक्त ने इनके विरुद्ध निर्गत स्पष्टीकरण पत्र को संलग्न करते हुए कार्रवाई के लिए प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रखंड स्तर पर लंबित सभी योजनाओं में मस्टर रोल जारी करने को कहा।

श्रमिकों की उपस्थिति एनएमएमएस के माध्यम से दर्ज कराने के लिए रोजगार सेवकों और महिला मेट को विशेष प्रशिक्षण देने तथा प्रतिदिन अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान पंचायत भवनों में 15वें वित्त आयोग मद से चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्य, स्वीकृत योजनाओं और व्यय की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सेरंगसिया पंचायत के पदमपुर गांव में विद्यालय परिसर में 15वें वित्त आयोग मद से कराए जा रहे पेवर ब्लॉक निर्माण का भी भौतिक निरीक्षण किया गया।

इसके अलावा सेरंगसिया शहीद स्मारक स्थल के सामने जिला अनाबद्ध निधि से एनआरईपी चाईबासा द्वारा निर्माणाधीन संग्रहालय का निरीक्षण किया गया। उप विकास आयुक्त ने उपस्थित सहायक अभियंता और कनीय अभियंता, एनआरईपी चाईबासा को निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जिला परिषद पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा, एनआरईपी, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल चाईबासा, लघु सिंचाई प्रमंडल चाईबासा के सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता, भवन निर्माण विभाग चाईबासा के कनीय अभियंता, मुखिया सेरंगसिया तथा संबंधित विभागों और क्रियान्वयन एजेंसी के कर्मी उपस्थित रहे।

Related Post