Breaking
Fri. Sep 18th, 2026

गोलमुरी बाजार में 2.50 लाख रुपये के सिक्के वितरित, सिंहभूम चैंबर का अभियान जारी

जमशेदपुर: बाजारों में छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से चलाए जा रहे सिक्का वितरण अभियान के तहत शुक्रवार को गोलमुरी बाजार में 2.50 लाख रुपये मूल्य के सिक्कों का वितरण किया गया। यह सिक्के बैंक ऑफ बड़ौदा, बिष्टुपुर के सहयोग से उपलब्ध कराए गए।

सिक्का वितरण के दौरान सिंहभूम चैंबर के उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी, सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भारत मकानी, बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारी नीरज प्रसाद और चैंबर कार्यसमिति सदस्य अमिश अग्रवाल मौजूद रहे।

चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की उपलब्धता व्यापारियों के साथ-साथ ग्राहकों के लिए भी जरूरी है। चैंबर इस समस्या के समाधान के लिए लगातार बैंकों के साथ समन्वय कर रहा है।

उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने बताया कि व्यापारियों को सिक्के उपलब्ध कराने में आ रही परेशानी को देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है। उनके अनुसार, अभियान के तहत अब तक करीब 65 लाख रुपये मूल्य के सिक्कों का वितरण किया जा चुका है। आने वाले दिनों में भी बैंकिंग संस्थानों के सहयोग से यह अभियान जारी रहेगा।

चैंबर सचिव भारत मकानी ने कहा कि अभियान को व्यापारियों का सकारात्मक सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा सहित सहयोगी बैंकों का आभार जताते हुए अन्य बैंकों से भी इस पहल में सहयोग करने की अपील की।

Related Post